कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में मचा हड़कंप
शिवपुरी। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने शुक्रवार को पिछोर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 75 पेटी मदिरा जब्त की है। कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई गई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार कलेक्टर अर्पित वर्मा एवं उपायुक्त आबकारी संभागीय उडऩदस्ता ग्वालियर संदीप शर्मा के निर्देशन तथा जिला आबकारी अधिकारी शुभम दांगोड़े के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। वृत्त पिछोर प्रभारी राहुल गुप्ता ने आबकारी टीम के साथ 14 अगस्त को लभेड़ा तिराहा स्थित पिछोर ढाबे पर दबिश दी। दबिश के दौरान टीम ने मौके से देशी मदिरा, विदेशी मदिरा और बीयर की कुल 75 पेटियां बरामद कीं। इतनी बड़ी मात्रा में शराब मिलने के बाद टीम ने मदिरा को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आबकारी विभाग ने मामले में आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत एक आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है। विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि जब्त शराब कहां से लाई गई थी और इसके पीछे अवैध कारोबार का नेटवर्क कितना बड़ा है। उक्त कार्रवाई में वृत्त प्रभारी राहुल गुप्ता, आबकारी उपनिरीक्षक विनीत कुमार शर्मा, तीर्थराज भारद्वाज, बृजराज शर्मा सहित आबकारी बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


