गणेश उत्सव बना शिवपुरी की सांस्कृतिक पहचान : देवेंद्र जैन

MP DARPAN
0

पुरस्कार वितरण समारोह में प्रतिभाओं और सहयोगियों का सम्मान, सांस्कृतिक आयोजनों ने बनाई अलग पहचान 

शिवपुरी।
भगवान श्री गणेश की भक्ति, रंग-बिरंगी झांकियों, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजे गणेश महोत्सव की स्मृतियां पुरस्कार वितरण समारोह के साथ सम्मान में बदल गईं। श्री गणेश सांस्कृतिक समिति न्यू ब्लॉक द्वारा आयोजित समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं के साथ आयोजन में प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष सहयोग देने वाले लोगों को भी सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि विधायक देवेंद्र जैन ने कहा कि गणेश सांस्कृतिक समिति का आयोजन वर्षों से शिवपुरी की पहचान बन चुका है। समिति ने धार्मिक उत्सव को सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़कर शहर की प्रतिभाओं को अपनी कला दिखाने का मंच दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सहभागिता बढ़ाने और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष एवं विशिष्ट अतिथि नेहा यादव ने कहा कि श्री गणेश सांस्कृतिक समिति का आयोजन लंबे समय से शहरवासियों के बीच आकर्षण का केंद्र है। नृत्य, झांकियों और अन्य प्रस्तुतियों में स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर मिलना इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता है। उन्होंने आयोजन को शिवपुरी की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने वाला बताया।

प्रतियोगिताओं में दिखा हुनर, मंच पर मिला सम्मान

समारोह की शुरुआत भगवान श्री गणेश की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। समिति अध्यक्ष तेजमल सांखला ने अतिथियों का स्वागत किया।
गत वर्ष गणेश महोत्सव के दौरान आयोजित सीनियर एवं जूनियर नृत्य प्रतियोगिता, चल झांकी, अचल झांकी, सुंदर मूर्ति और बैंड प्रतियोगिता सहित विभिन्न स्पर्धाओं के प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। आयोजन को सफल बनाने में भूमिका निभाने वाले योग कला, निर्णायक मंडल, प्रायोजकों एवं जलपान समितियों से जुड़े सहयोगियों का भी सम्मान किया गया।

समारोह में जुटे शहर के प्रमुख लोग

कार्यक्रम में पूर्व विधायक माखनलाल राठौर, डॉ. रामकुमार शिवहरे, इंजी. पवन जैन, कालूराम शिवहरे, महेंद्र रावत, दिनेश गर्ग, ब्रज दुबे, श्याम सुंदर राठौर, राजीव शर्मा, तरुण अग्रवाल, प्रकाश सोनी, गोपाल गौड़ एवं सिंगर मुकेश आचार्य सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन समिति महासचिव महेंद्र रावत ने किया, जबकि समिति सचिव सौरभ सांखला ने आभार व्यक्त किया। प्रचार-प्रसार प्रभारी ब्रज दुबे एवं राजू यादव ग्वाल ने बताया कि समिति का प्रयास गणेश उत्सव को आस्था के साथ प्रतिभा, संस्कृति और सामाजिक सहभागिता का मंच बनाना है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top