शिवपुरी। स्वस्थ शरीर, सक्रिय जीवनशैली और स्वच्छ पर्यावरण का संदेश लेकर आईटीबीपी के संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, शिवपुरी के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं प्रशिक्षक रविवार को साइकिल पर शहर की सड़कों पर उतरे। फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत आयोजित संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर नियमित व्यायाम को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का आयोजन उप महानिरीक्षक राजेश कुमार चौधरी के निर्देशन तथा भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), भोपाल के समन्वय से किया गया। साइकिल रैली के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, शारीरिक फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। रैली में संस्थान के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं प्रशिक्षक पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए। प्रतिभागियों ने साइकिलिंग के जरिए यह संदेश दिया कि नियमित शारीरिक गतिविधियां न केवल स्वास्थ्य को बेहतर बनाती हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।


