शिवपुरी। देहात थाना पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 पेटी देशी प्लेन शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से आरोपी नंदकिशोर उर्फ नन्दू पुत्र गणेशराम राठौर उम्र 45 वर्ष निवासी लुधावली थाना देहात शिवपुरी को गिरफ्तार किया। जब्त शराब की कीमत करीब 21 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
देहात टीआई विकास यादव के अनुसार, पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं नगर पुलिस अधीक्षक सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में देहात थाना प्रभारी निरीक्षक विकास यादव को मुखबिर से मझेरा ताल के पास अवैध शराब रखे जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी और संदिग्ध को घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 7 पेटी देशी प्लेन शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी को मौके पर गिरफ्तार किया। मामले में अपराध क्रमांक 304/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी तथा अवैध शराब बिक्री सहित कई मामले पूर्व में दर्ज हैं। पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अवैध शराब के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी विकास यादव, प्रधान आरक्षक सतीश चौधरी, शकील खान सहित आरक्षक जगदीश रावत, लाखन बघेल, अरुण मेवाफरोस, महेश लोधी, मिथुन कुशवाहा, संजीव शर्मा, रामजीलाल कुशवाह एवं भरत मीणा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


