चार माह से 78 परिवारों का राशन रोका, सेल्समैन पर गिरी गाज

MP DARPAN
0

कलेक्टर के निर्देश पर जांच में खुली लापरवाही की पोल, सेल्समैन जेल भेजा गया

शिवपुरी। गरीब परिवारों के हक का राशन चार माह तक रोकना राशन दुकान के सेल्समैन को भारी पड़ गया। ग्रामीणों की शिकायत पर कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर हुई जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए सेल्समैन दिलीप जाटव को जेल भेज दिया। वहीं, जिन 78 हितग्राही परिवारों को चार माह से राशन नहीं मिला था, उन्हें मौके पर ही राशन वितरण शुरू कराया गया।

मामला कोलारस अनुविभाग की ग्राम पंचायत दीघोद का है। ग्रामीणों ने कलेक्टर अर्पित वर्मा से शिकायत कर बताया था कि उन्हें लगातार चार माह से शासकीय राशन नहीं मिल रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तत्काल तहसीलदार एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर जांच के निर्देश दिए। निर्देश के बाद तहसीलदार सचिन भार्गव और जिला आपूर्ति अधिकारी तुलेश्वर कुर्रे मौके पर पहुंचे। जांच में ग्रामीणों की शिकायत सही पाए जाने पर राशन वितरण में लापरवाही और अनियमितता के मामले में सेल्समैन दिलीप जाटव के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेजने की कार्रवाई की गई। प्रशासन ने कार्रवाई तक ही मामला सीमित नहीं रखा। राशन दुकान के प्रबंधक श्री हार्दिक गुप्ता को मौके पर बुलाकर चार माह से राशन से वंचित सभी 78 हितग्राहियों को तत्काल राशन वितरण शुरू कराया गया। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने स्पष्ट किया कि गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के हक के राशन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर राशन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और अनियमितता करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top