बच्चों के भोजन की गुणवत्ता परखी, समूह हटाने के निर्देश; सचिव-जीआरएस पर कार्रवाई के आदेश, विकास कार्यों की 24 घंटे में मांगी रिपोर्ट
शिवपुरी। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने शुक्रवार को कोलारस क्षेत्र की ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण कर स्कूल, आंगनवाड़ी, उप स्वास्थ्य केंद्र और आदि सेवा केंद्र की व्यवस्थाएं परखीं। निरीक्षण के दौरान जहां बच्चों के मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता पर कलेक्टर ने सख्त नाराजगी जताई, वहीं गंदगी और अव्यवस्था पर संबंधित सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय सेसई सड़क एवं बाल शिक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों को परोसा जाने वाला मध्याह्न भोजन स्वयं खाकर उसकी गुणवत्ता जांची। भोजन बच्चों के पोषण स्तर के अनुरूप नहीं पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए भोजन प्रदाय करने वाले समूह को हटाने के निर्देश दिए। स्कूल और आंगनवाड़ी परिसर में गंदगी मिलने पर ग्राम पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा अमित यादव, जिला पंचायत सीईओ विजय राज, डीपीसी दफेदार सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य केंद्र में टीकाकरण और आयुष्मान की समीक्षा
कलेक्टर ने आरोग्यम उप स्वास्थ्य केंद्र सेसई सड़क का भी निरीक्षण किया। उन्होंने टीकाकरण पंजी, ओपीडी रजिस्टर, आयुष्मान भारत कार्ड वितरण की प्रगति और ब्लड सैंपल किट की उपलब्धता की जांच की। उन्होंने आयुष्मान कार्ड वितरण में तेजी लाने तथा प्रत्येक मंगलवार के नियमित टीकाकरण सत्र में गर्भवती महिलाओं और बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। केंद्र तक नहीं पहुंचने वाले हितग्राहियों को स्वास्थ्य टीम के माध्यम से जागरूक कर जोड़ने को कहा।
गंदगी पर नोटिस, विकास कार्यों की 24 घंटे में रिपोर्ट
स्कूल, आंगनवाड़ी और स्वास्थ्य केंद्र के आसपास गंदगी मिलने पर कलेक्टर ने जनपद सीईओ को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। लापरवाही पर संबंधित ग्राम पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक को कारण बताओ नोटिस जारी कर अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने ग्राम रोजगार सहायक से प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की जानकारी भी ली। इसके बाद ग्राम पंचायत पडोरा स्थित आदि सेवा केंद्र का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने केंद्र नियमित रूप से खोलने और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। पंचायत क्षेत्र में स्वीकृत एवं प्रगतिरत विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए उपयंत्री से सभी कार्यों की अद्यतन एवं विस्तृत रिपोर्ट 24 घंटे में प्रस्तुत करने को कहा।





