जनपद सभा में विकास कार्यों पर सख्ती, गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा

MP DARPAN
0

जनपद अध्यक्ष हेमलता रघुवीर रावत ने अधिकारियों को दिए निर्देश, पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर

शिवपुरी। जनपद पंचायत शिवपुरी की साधारण सभा की बैठक जनपद पंचायत सभागृह में जनपद अध्यक्ष श्रीमती हेमलता रघुवीर रावत की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोनम जैन, जनपद सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं जनपद पंचायत स्टाफ मौजूद रहा। ग्रामीण विकास, पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बिजली, पंचायत भवन एवं निर्माण कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। जनपद अध्यक्ष हेमलता रघुवीर रावत ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने जर्जर स्कूल भवनों, खराब शौचालयों और टूटी बाउंड्रीवॉल को चिन्हित कर प्राथमिकता से दुरुस्त कराने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।

खोदी गई सीसी सड़कें तत्काल हों दुरुस्त

पीएचई विभाग की हर घर नल-जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सीसी सड़कों की स्थिति पर भी चर्चा हुई। अध्यक्ष ने संबंधित ठेकेदारों से सड़कें तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी न हो।

योजनाओं में देरी पर सख्ती

अध्यक्ष ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शी और समयसीमा में पहुंचना चाहिए। निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए लापरवाही करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई की बात कही। अनुपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों पर भी नियमानुसार सख्ती के निर्देश दिए गए।

महिलाओं को लखपति दीदी बनाने पर जोर

बैठक में स्वयं सहायता समूहों को सक्रिय करने और पात्र महिलाओं को समूहों से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया। हेमलता रघुवीर रावत एवं सीईओ सोनम जैन ने महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ते हुए अधिक से अधिक लखपति दीदी बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top