कलेक्टर के निर्देश पर कार्रवाई, कथित फर्जी डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर के लिए कोतवाली में दिया आवेदन
शिवपुरी। शहर में बिना वैध चिकित्सकीय योग्यता के संचालित किए जा रहे कथित क्लिनिकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रविवार को झांसी तिराहे पर डॉ. शेख के नाम से संचालित गुप्त रोग उपचार केंद्र पर छापेमारी कर तालाबंदी की कार्रवाई की। जांच के दौरान संचालक के पास उपचार करने संबंधी वैध चिकित्सकीय डिग्री नहीं मिली। मामले में स्वास्थ्य विभाग ने एफआईआर दर्ज कराने के लिए सिटी कोतवाली में आवेदन भी दिया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर ने बताया कि कलेक्टर को झांसी तिराहा क्षेत्र में अवैध क्लिनिक संचालित होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद नियमानुसार जांच एवं कार्रवाई के निर्देश दिए गए। निर्देशों के पालन में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुनील खंडोलिया के नेतृत्व में तीन सदस्यीय जांच दल गठित किया गया। दल में एपिडेमियोलॉजिस्ट लालू शाक्य एवं फार्मासिस्ट वालेन्दु रघुवंशी शामिल थे। टीम ने 23 अगस्त की दोपहर झांसी तिराहा क्षेत्र में दबिश दी। जांच के दौरान सेसई वाले मिष्ठान भंडार के पास 'डॉ. शेख के नाम से गुप्त रोगों का उपचार करने वाला क्लिनिक संचालित मिला। मौके पर आजिम पुत्र अजमल शेख, निवासी ग्राम सहर, जिला मथुरा मौजूद मिला। पूछताछ में उसने बताया कि उसका भाई शेख अजहर अली एमबीबीएस चिकित्सक है, हालांकि मौके पर उसके पास स्वयं चिकित्सकीय उपचार से संबंधित कोई वैध डिग्री प्रस्तुत नहीं की गई। जांच दल ने तत्काल क्लिनिक को बंद कर तालाबंदी की कार्रवाई की और अपना प्रतिवेदन सीएमएचओ को सौंपा। प्रतिवेदन के आधार पर सीएमएचओ डॉ. संजय ऋषीश्वर ने सिटी कोतवाली शिवपुरी में एफआईआर दर्ज कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया है।


