8.50 लाख की सामग्री जब्त, भड़ौता पुल के नीचे संदिग्ध हालत में खड़ी बोलेरो से पकड़े गए आरोपी
शिवपुरी। अपराधियों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कोलारस पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान फोरलेन स्थित भडौता पुल के नीचे संदिग्ध हालत में खड़ी बोलेरो से चार युवकों को पकड़ा। तलाशी में उनके कब्जे से एक देशी पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने बोलेरो सहित करीब 8.50 लाख रुपये की सामग्री जब्त कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसपी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में, एएसपी आरडी प्रजापति एवं एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई।
कोलारस टीआई पुनीत वाजपेयी के मुताबिक 22-23 अगस्त की दरमियानी रात को कोलारस पुलिस टीम कस्बे में रात्रि गश्त कर रही थी। इसी दौरान फोरलेन स्थित भडौता पुल के नीचे एक सुनसान स्थान पर बोलेरो क्रमांक एमपी 39 सी 3974 संदिग्ध हालत में खड़ी दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को चेक किया तो उसमें चार युवक बैठे मिले। पूछताछ में आरोपियों की पहचान राजपाल सिंह उम्र 23 वर्ष, सचिन पाल उम्र 20 वर्ष, नीत गुर्जर उम्र 21 वर्ष और जसपाल उम्र 26 वर्ष के रूप में हुई। चारों जिला गुना के निवासी बताए गए हैं। पुलिस टीम ने जब वाहन और उसमें बैठे युवकों की तलाशी ली तो एक अवैध देशी पिस्टल और पांच जिंदा राउंड बरामद हुए। हथियार का वैध लाइसेंस नहीं होने पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 25/27 आम्र्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कार्रवाई में अवैध हथियार और बोलेरो वाहन समेत करीब 8.50 लाख रुपये की सामग्री जब्त की है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पुनीत बाजपेयी, उप निरीक्षक आबिद खान, प्रधान आरक्षक विजय कटारे, प्रदीप शर्मा, धर्मेन्द्र सेंगर तथा आरक्षक धर्मेन्द्र किरार, बच्चू सिंह, शिववीर सिंह सेंगर और लालू प्रसाद यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


