वारंटों की शत-प्रतिशत तामीली पर एसपी का जोर, कोर्ट मुंशियों को दिए सख्त निर्देश

MP DARPAN
0

पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने ली बैठक, लंबित मामलों और न्यायालयीन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

शिवपुरी। जिले में लंबित वारंटों की तामीली और न्यायालय से जुड़े पुलिस कार्यों में तेजी लाने के लिए पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने रविवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष में जिले के सभी न्यायालयीन मुंशियों की बैठक ली। उन्होंने लंबित मामलों की प्रभावी पैरवी और न्यायालयीन कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

एसपी ने निर्देशित किया कि लंबित, चिन्हित और जेल में बंद आरोपियों से संबंधित वारंटों की शत-प्रतिशत तामीली सुनिश्चित की जाए। अदम तामील होने की स्थिति में थाना प्रभारी कारण सहित टिप्पणी दर्ज कर रोजनामचा और वारंट रजिस्टर में प्रविष्टि करेंगे। इसकी निगरानी अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों द्वारा की जाएगी। न्यायालय से प्राप्त ई-समन और वारंटों की अधिकतम तामीली कराने तथा लापरवाही पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। उच्च न्यायालय से जारी वारंटों पर भी समय रहते कार्रवाई और वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल सूचना देने को कहा गया। बैठक में न्यायालय से प्राप्त सजा संबंधी जानकारी दर्ज कराने, गवाहों को समय पर सूचना देने, लंबित चालान न्यायालय में पेश कराने तथा खात्मा-खारिजी का मिलान कर लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण कराने के निर्देश भी दिए गए। एसपी ने स्पष्ट किया कि न्यायालयीन कार्यों में देरी और लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top