कोतवाली पुलिस ने तीन लाख रूपए की 14.48 ग्राम स्मैक के साथ युवक को दबोचा

MP DARPAN
0

शिवपुरी। शहर को नशामुक्त बनाने के लिए कोतवाली पुलिस द्वारा नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक युवक को स्मैक बेचने की कथित तैयारी के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 14.48 ग्राम स्मैक, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है, जब्त की है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति एवं नगर पुलिस अधीक्षक सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे ने टीम गठित कर कार्रवाई को अंजाम दिया।

कोतवाली टीआई रोहित दुबे के अनुसार, 25 अगस्त 2026 को कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक शारदा साल्वेंट के पास रेलवे स्टेशन रोड पर स्मैक बेचने की नीयत से खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम अनिकेत रावत पुत्र सिद्धार रावत उम्र 20 वर्ष निवासी शारदा कॉलोनी टोंगरा रोड शिवपुरी बताया। तलाशी के दौरान उसके लोअर की दाईं जेब में पारदर्शी पन्नी में 14.48 ग्राम स्मैक मिली। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया। मामले में अपराध क्रमांक 660/26, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस आरोपी से स्मैक के स्रोत और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी सामने आई है। वहीं कोतवाली पुलिस अब शहर में बाहर से आकर नशीले पदार्थों की आपूर्ति करने वाले संदिग्ध लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे, उप निरीक्षक विवेक भट्ट, उप निरीक्षक सुमित शर्मा, प्रधान आरक्षक गजेन्द्र परिहार, अवतार सिंह, आरक्षक देवेन्द्र रावत, अजय यादव, राहुल कुमार, दिलशाद खान, राहुल कुमार, अजीत राजावत एवं बृजेश जादौन की विशेष भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top