तीन आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर
शिवपुरी। जमीन के विवाद में युवक को जान से मारने की नीयत से गोली मारने के मामले में सीहोर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों जगदीश रावत और भीकम रावत को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने भीकम रावत के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त 315 बोर का देशी कट्टा भी बरामद किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट मिलने पर उन्हें उपजेल करैरा भेज दिया गया।
सीहोर थाना प्रभारी जूली तोमर के अनुसार, 6 अगस्त को ग्राम बहगवां निवासी रामवरन पुत्र घनसुन्दर केवट उम्र 31 वर्ष ने घायल अवस्था में सीएचसी नरवर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने आरोप लगाया था कि जमीन विवाद को लेकर भीकम रावत, वीर सिंह रावत, धर्मेन्द्र रावत, जगदीश रावत और लखन सिंह रावत ने उसके साथ गाली-गलौज की तथा जान से मारने की नीयत से कट्टे से गोली चला दी। मामले में अपराध क्रमांक 98/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरडी प्रजापति एवं करैरा एसडीओपी आनंद राय के मार्गदर्शन में सीहोर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक जूली तोमर ने टीम गठित की। टीम ने 1 सितंबर को जगदीश पुत्र सालिकराम रावत उम्र 38 वर्ष निवासी जरगवासानी थाना करैरा और भीकम पुत्र वीर सिंह रावत उम्र 29 वर्ष निवासी बहगवां थाना सीहोर को दबोच लिया। उक्त कार्रवाई में उपनिरीक्षक जूली तोमर, सहायक उपनिरीक्षक नारायण सिंह बंजारा, प्रधान आरक्षक बेताल सिंह गुर्जर, आरक्षक देवेन्द्र परिहार, धर्मेन्द्र शर्मा, सत्येन्द्र रावत, धर्मेन्द्र कुशवाह, अवधेश रावत, विनोद कुमार तथा प्रधान आरक्षक चालक राजकमल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब प्रकरण में नामजद वीर सिंह रावत, धर्मेन्द्र रावत और लखन सिंह रावत की तलाश कर रही है।


