36 साल की सेवा के बाद गजन लाल कुशवाह सेवानिवृत्त, कृषि विभाग ने दी भावभीनी विदाई

MP DARPAN
0

अधिकारियों-कर्मचारियों ने शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर दी शुभकामनाएं

शिवपुरी। किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के कार्यालय सहायक गजन लाल कुशवाह 36 वर्ष की शासकीय सेवा पूर्ण कर 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हुए। उनकी सेवानिवृत्ति पर विभागीय कार्यालय परिसर में विदाई समारोह आयोजित कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी।

समारोह में सहायक संचालक मुनेश कुमार शाक्य ने कहा कि गजन लाल कुशवाह ने लंबे सेवाकाल में निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उनका सौम्य व्यवहार और कार्य के प्रति लगन सहकर्मियों के लिए सदैव प्रेरणादायी रही। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें शाल, श्रीफल, पुष्पमाला एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएं दीं। सहकर्मियों ने कहा कि विभाग के प्रति उनका योगदान और सहयोग लंबे समय तक याद किया जाएगा। समारोह में जगदीश प्रसाद कुशवाहा, सौरभ सेन, सर्वेश कुमार शर्मा, चंद्र प्रकाश दुबे, संदीप कुमार रावत, प्रेम कुशवाह, विपिन कुशवाह, अमिता गौतम और चांदनी मौर्य सहित विभागीय स्टाफ मौजूद रहा। अंत में गजन लाल कुशवाह ने सभी अधिकारियों एवं सहकर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग में बिताए 36 वर्ष उनके जीवन की अविस्मरणीय यात्रा का हिस्सा रहेंगे। कार्यक्रम का संचालन कार्यालय कर्मचारियों ने किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top