संजना, राधिका और सानिया की मेहनत रंग लाई, ग्वालियर में लेंगी उच्च स्तरीय प्रशिक्षण
शिवपुरी। शहर के श्रीमंत माधवराव सिंधिया जिला खेल परिसर के हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान पर पसीना बहा रही शिवपुरी की तीन बालिका खिलाडिय़ों ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। हॉकी फीडर सेंटर एवं खेलो इंडिया हॉकी लघु केंद्र से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं संजना जाटव, राधिका खरे और सानिया खान का चयन सत्र 2026-27 के लिए मध्यप्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी, ग्वालियर में हुआ है। तीनों खिलाड़ी अब प्रदेश की उच्च स्तरीय प्रशिक्षण व्यवस्था का हिस्सा बनकर अपनी खेल प्रतिभा को और निखारेंगी।
शिवपुरी में हॉकी को बढ़ावा देने के लिए संचालित फीडर सेंटर जिले की उभरती प्रतिभाओं के लिए मजबूत मंच साबित हो रहा है। यहां खिलाडिय़ों को नियमित अभ्यास के साथ प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन, खेल सामग्री और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसका परिणाम अब खिलाडिय़ों के चयन के रूप में सामने आ रहा है। जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी डॉ. के.के. खरे ने बताया कि इसी सत्र में केंद्र से प्रशिक्षण प्राप्त खिलाड़ी नितिन खरे का चयन भारतीय खेल प्राधिकरण, बरेली में हुआ है। वहीं लक्ष्मी शर्मा का चयन एलएनआईपीई में हॉकी से बीपीएड तथा पूर्णिमा धाकड़ का चयन बैडमिंटन से बीपीएड के लिए हुआ है। लगातार मिल रही इन उपलब्धियों से जिले के खेल जगत में उत्साह है। जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार से खिलाडिय़ों को बेहतर अभ्यास का अवसर मिला है। जिला खेल परिसर का एस्ट्रोटर्फ मैदान विशेष रूप से हॉकी खिलाडिय़ों की तैयारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए पूर्व खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया के प्रयासों से विकसित खेल अधोसंरचना का लाभ भी खिलाडिय़ों को मिल रहा है। तीनों खिलाडिय़ों के चयन पर हॉकी प्रशिक्षक गीता लखेरा, प्रशिक्षक शैलेंद्र बुंदेला और साथी खिलाडिय़ों ने खुशी जताते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।


