शिक्षक दिवस पर आईटीबीपी केजी एवं केंद्रीय विद्यालय के शिक्षकों का सम्मान
शिवपुरी। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के शिवपुरी स्थित संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान में हिमवीर वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक मुख्य कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती शशि चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन की विभिन्न कल्याणकारी गतिविधियों, महिला सशक्तिकरण तथा हिमवीर परिवारों के हित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
शिक्षक दिवस के अवसर पर संस्थान के केजी विद्यालय एवं केंद्रीय विद्यालय के शिक्षकों का हार्दिक अभिनंदन करते हुए सम्मान किया गया। इस अवसर पर श्रीमती शशि चौधरी ने शिक्षकों के अमूल्य योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक समाज के वास्तविक निर्माता होते हैं। बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण और उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करने में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। बैठक में संगठन की विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी कल्याणकारी कार्यक्रमों को प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने को लेकर आवश्यक चर्चा हुई। श्रीमती चौधरी ने सदस्यों के प्रयासों की सराहना करते हुए संगठन के उद्देश्यों को मजबूती से आगे बढ़ाने के लिए सक्रिय सहभागिता, आपसी समन्वय और सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।


