राष्ट्रीय स्केटिंग प्रतियोगिता में चमकेगा केंद्रीय विद्यालय आईटीबीपी शिवपुरी का नाम, 7 से 11 सितंबर तक होगा मुकाबला
शिवपुरी। स्केटिंग ट्रैक पर अपनी रफ्तार और हुनर का लोहा मनवा चुके शिवपुरी के 6 युवा खिलाड़ी अब राष्ट्रीय मंच पर दम दिखाने के लिए तैयार हैं। केंद्रीय विद्यालय आईटीबीपी शिवपुरी की टीम राष्ट्रीय स्केटिंग प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पांडिचेरी रवाना हो गई है। प्रतियोगिता का आयोजन 7 से 11 सितंबर 2026 तक किया जाएगा।
राष्ट्रीय स्तर पर शिवपुरी का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाडिय़ों में आर्यन यादव, चित्रांश धोरे, अरिजीत सिंह धाकड़, आदित्य मिश्रा, ईशान नामदेव और पीयूष राठौर शामिल हैं। छहों खिलाडिय़ों के चयन से विद्यालय परिवार के साथ शहर के खेल प्रेमियों में भी खासा उत्साह है। प्रतियोगिता से पहले खिलाडिय़ों ने नियमित अभ्यास और कड़ी मेहनत के जरिए अपनी तैयारियों को धार दी है। राष्ट्रीय स्तर के स्केटिंग कोच सुखवीर सर ने बताया कि खिलाडिय़ों ने प्रतियोगिता के लिए पूरी लगन से तैयारी की है और सभी अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए तैयार हैं। विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती पुनीता ज्योति ने खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरें और अपने प्रदर्शन से विद्यालय एवं शिवपुरी का नाम रोशन करें।


