सिंध के बढ़ते जलस्तर से गांवों में अलर्ट, प्रशासन ने संभाला मोर्चा

MP DARPAN
0

एसडीएम ने सूंड और धमधौली का किया निरीक्षण, ग्रामीणों से जानी जमीनी हकीकत, बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी के निर्देश

शिवपुरी। लगातार हो रही बारिश के बीच सिंध नदी का जलस्तर बढऩे से करैरा-नरवर क्षेत्र में प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर करैरा एसडीएम अनुपम शर्मा ने रविवार को विकासखंड नरवर के प्रभावित ग्राम सूंड और धमधौली का दौरा कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मैदानी अमले को हर परिस्थिति पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार नरवर विजय त्यागी, जनपद पंचायत सीईओ ब्रह्मेन्द्र गुप्ता सहित राजस्व एवं पंचायत अमला मौजूद रहा।

ग्रामीणों से सीधे जाना हालात

सिंध नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण आवागमन में आ रही दिक्कतों की जानकारी एसडीएम ने ग्रामीणों से ली। उन्होंने गांवों में आवागमन, राशन वितरण और अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति के बारे में भी जानकारी जुटाई। अधिकारियों-कर्मचारियों को जलस्तर और वर्षा की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा।

सड़क और स्कूल की शिकायत पर तत्काल एक्शन

ग्राम धमधौली में ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर सड़क निर्माण में समस्या और विद्यालय में प्रधानमंत्री पोषण आहार के वितरण में लापरवाही की शिकायत की। एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के जीएम को मौके पर निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं पोषण आहार में लापरवाही की शिकायत पर बीआरसी नरवर को व्यवस्था तत्काल सुधारने के निर्देश दिए। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि बच्चों के भोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं होगी। स्कूलों में मीनू के अनुसार पर्याप्त, गुणवत्तापूर्ण और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top