70 लीटर कच्ची शराब जब्त, अवैध शराब बनाने के ठिकानों पर विभाग ने चलाया अभियान
शिवपुरी। अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ जिला प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर आबकारी विभाग ने करैरा के बायपास रोड स्थित कंजर बस्ती डेरा क्षेत्र में सघन कार्रवाई करते हुए 8 हजार किलोग्राम लहान नष्ट किया। मौके से करीब 70 लीटर तैयार कच्ची हाथभट्टी शराब भी बरामद कर जब्त की गई। आबकारी अधिकारी शुभम दांगोड़े के नेतृत्व में विभागीय कार्यपालिक बल ने क्षेत्र में गश्त और तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब निर्माण के लिए तैयार किए गए कई ठिकाने जांच के दायरे में आए। टीम ने मौके पर पहुंचकर कच्ची शराब तैयार करने के लिए जमा लहान को नष्ट कर दिया, जिससे अवैध शराब निर्माण की प्रक्रिया को तत्काल रोका जा सके। कार्रवाई के दौरान आबकारी अमले ने संदिग्ध स्थानों की बारीकी से जांच की। तलाशी में बड़ी मात्रा में लहान के साथ तैयार कच्ची शराब मिलने पर उसे जब्त कर लिया गया। विभाग ने अवैध शराब निर्माण से जुड़े ठिकानों को मौके पर ही ध्वस्त किया। आबकारी विभाग ने अवैध शराब के निर्माण और संग्रहण के मामले में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किए हैं।


