हंस बिल्डिंग के समीप होगा आयोजन, अचल-चल झांकियों से लेकर नृत्य व योग प्रतियोगिताएं होंगी आकर्षण, 1.21 लाख रुपये तक के नगद पुरस्कार
शिवपुरी। शहर के न्यू ब्लॉक क्षेत्र में इस बार गणेशोत्सव श्रद्धा के साथ भव्यता और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर नजर आएगा। श्री गणेश सांस्कृतिक समिति न्यू ब्लॉक द्वारा हंस बिल्डिंग के समीप 14 सितंबर से गणेश महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। गणेश स्थापना के साथ शुरू होने वाले इस समारोह में धार्मिक आयोजनों के साथ अचल झांकी, पंडाल सजावट, एकल एवं समूह नृत्य, योग प्रदर्शन सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों को कुल 1 लाख 21 हजार रुपये तक के नगद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
अचल झांकी से लेकर भव्य चल झांकी तक होंगे आयोजन
समिति के अनुसार 16 से 23 सितंबर तक अचल झांकी एवं पंडाल सजावट प्रतियोगिता आयोजित होगी। मंचीय कार्यक्रमों में जूनियर एवं सीनियर वर्ग के एकल नृत्य और समूह नृत्य के साथ राष्ट्रीय योग प्रदर्शन सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। वहीं 25 सितंबर को सुंदर विमान, सुंदर मूर्ति, बैंड एवं ढोल के साथ भव्य चल झांकी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। गणेशोत्सव के दौरान होने वाली ये प्रतियोगिताएं श्रद्धालुओं और शहरवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
बैठक में तय की आयोजन की रूपरेखा
आयोजन की तैयारियों को लेकर समिति अध्यक्ष तेजमल सांखला के निवास पर बैठक आयोजित की गई। इसमें गणेशोत्सव को भव्य एवं व्यवस्थित बनाने, प्रतियोगिताओं की रूपरेखा, अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता तथा कार्यक्रमों के सफल संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष आयोजन को पिछले वर्षों की तुलना में अधिक आकर्षक स्वरूप देने की तैयारी है।
समिति की टीम संभालेगी आयोजन की जिम्मेदारी
समिति के अध्यक्ष तेजमल सांखला, महासचिव महेन्द्र रावत, सचिव सौरभ सांखला, उपाध्यक्ष तरुण अग्रवाल, वीरेंद्र जैन, श्याम सुंदर राठौर, किशोर खंडेलवाल, गोपाल गोड, राजीव शर्मा, कालूराम शिवहरे, दिनेश गर्ग गुड्डे, मुन्नालाल कुशवाह, संजीव गुप्ता, ब्रज दुबे, वरुण भार्गव, राजू यादव ग्वाल, किशोर अग्रवाल, अजय बिंदल, महेंद्र वशिष्ठ, अमित गुप्ता एवं अनिल जैन (काका) सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं। मीडिया प्रभारी ब्रज दुबे, वरुण भार्गव एवं राजू यादव ग्वाल ने बताया कि गणेशोत्सव के सभी कार्यक्रमों की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। समिति का प्रयास है कि धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक प्रतिभा और सामाजिक सहभागिता का संगम बनाते हुए इस वर्ष का गणेश समारोह शहर के यादगार आयोजनों में शामिल हो।


