वन, राजस्व, आबकारी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई : लुधावली बीट में 8-9 अवैध टपरे ध्वस्त, कच्ची शराब बरामद

MP DARPAN
0

शिवपुरी। जिले में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं के लगातार विरोध-प्रदर्शन के बीच प्रशासन ने अब अवैध गतिविधियों के ठिकानों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। रविवार को देहात थाना क्षेत्र के लुधावली बीट में कब्रिस्तान के पास वन भूमि पर अतिक्रमण कर बनाए गए 8 से 9 अवैध टपरों को जेसीबी से ध्वस्त कर जमीन को कब्जामुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान मौके से कच्ची शराब भी बरामद हुई, जिसे आबकारी विभाग ने जब्त कर लिया। मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

बताया गया है कि लुधावली बीट की वन भूमि पर बाहर से आए कुछ कंजर समुदाय के लोगों ने अवैध रूप से टपरे बनाकर डेरा जमा लिया था। प्रशासन को यहां अवैध शराब से जुड़ी गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। आरोप था कि बाहर से शराब लाकर क्षेत्र में बेचने का काम किया जा रहा था। शिकायतों के बाद वन, राजस्व, आबकारी और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम जेसीबी एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मौके पर पहुंची। टीम ने कार्रवाई करते हुए टपरों को हटाया और अतिक्रमण का मलबा साफ कराया। मौके से मिली कच्ची शराब को आबकारी विभाग ने जब्त कर लिया। वन विभाग के एसडीओ शैलेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि लुधावली बीट में बाहर से आए लोगों ने वन भूमि पर अवैध टपरे बना लिए थे और संदिग्ध अवैध गतिविधियों में संलिप्त होने की शिकायतें थीं। संयुक्त कार्रवाई में करीब 8 से 9 टपरे हटाकर नष्ट किए गए हैं। उन्होंने कहा कि वन भूमि पर कब्जा करने और अवैध गतिविधियों में संलिप्त संदिग्ध लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top