-डीजे की ध्वनि सीमा में रखने, विसर्जन मार्ग से अतिक्रमण हटाने के निर्देश
-विद्युत अधिकारियों की गैरहाजिरी पर एसडीएम ने लगाई फटकार
शिवपुरी। आगामी गणेश उत्सव, डोल ग्यारस एवं अनंत चतुर्दशी को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर रविवार को कोलारस थाना परिसर में सद्भावना एवं समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन, पुलिस, नगर परिषद, गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों, समाजसेवियों एवं पत्रकारों ने भाग लिया।
बैठक में तय किया गया कि 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी, 22 सितंबर को डोल ग्यारस तथा 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी का पर्व आपसी भाईचारे एवं शांति के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात, विद्युत एवं स्वच्छता व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसडीएम शिवदयाल धाकड़ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान डीजे की ध्वनि निर्धारित सीमा में ही रखी जाए। गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन मार्ग पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न रहे तथा विद्युत व्यवस्था भी निर्बाध एवं सुरक्षित सुनिश्चित की जाए। साथ ही नगर में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर एसडीएम धाकड़ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए फटकार लगाई। उन्होंने भविष्य में शांति समिति जैसी महत्वपूर्ण बैठकों में संबंधित विभागों के अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में तहसीलदार प्रदीप भार्गव, थाना प्रभारी पुनीत बाजपेई, नगर परिषद के कर्मचारी, समाजसेवी, गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।


