नशे के सौदागरों पर करैरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2.20 लाख की स्मैक और मोटरसाइकिल समेत 3 लाख का माल जब्त

MP DARPAN
0

शिवपुरी। करैरा थाना पुलिस ने नशे के सौदागरों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 11.15 ग्राम स्मैक पाउडर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्मैक के अलावा एक बिना नंबर की बजाज सीटी-100 मोटरसाइकिल भी जब्त की है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 2 लाख 20 हजार रुपये, जबकि कुल जब्ती का मूल्य करीब 3 लाख रुपये बताया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

करैरा टीआई विनोद छावई के अनुसार, पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने जिले में अवैध मादक पदार्थों का क्रय-विक्रय करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जीरो टॉलरेंस के निर्देश दिए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं एसडीओपी आनंद राय के मार्गदर्शन में करैरा पुलिस लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी। 19 सितंबर को करैरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति समोहा की ओर से करैरा की तरफ स्मैक लेकर आने वाले हैं। सूचना पर पुलिस टीम मछावली के आदिवासी पुरा के पास पहुंची। कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए के दो व्यक्ति बिना नंबर की मोटरसाइकिल से आते दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान कृष्णकांत पुत्र काशीराम कोली उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम शेरगढ़, थाना नरवर और नरेन्द्र पुत्र गोपाल सिंह कुशवाहा उम्र 34 वर्ष निवासी ग्राम पोहा, थाना नरवर, जिला शिवपुरी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 11.15 ग्राम स्मैक पाउडर बरामद हुआ। मामले में थाना करैरा में अपराध क्रमांक 651/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से स्मैक के स्रोत और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद छावई, उपनिरीक्षक तेज सिंह गौड़, प्रधान आरक्षक मोहन बघेल, आरक्षक हरेन्द्र सिंह, आरक्षक मत्स्येन्द्र गुर्जर, आरक्षक दामोदर सिंह तथा सायबर सेल जिला शिवपुरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top