स्ट्रीट लाइट लगाने को लेकर विवाद, इलेक्ट्रिशियन के साथ मारपीट, स्काई लिफ्ट का कांच डंडे से तोड़ा

MP DARPAN
0

रन्नौद पुलिस ने दर्ज किया मामला, नगर परिषद के वाहन को करीब 15 हजार रुपए के नुकसान का आरोप

शिवपुरी। रन्नौद के वार्ड क्रमांक 1 स्थित गिल्टोरा में स्ट्रीट लाइट लगाने को लेकर नगर परिषद के इलेक्ट्रिशियन और एक युवक के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि स्ट्रीट लाइट लगाने से रोकने के बाद युवक ने इलेक्ट्रिशियन के साथ गाली-गलौज करते हुए थप्पड़ मार दिया। विवाद बढऩे पर नगर परिषद की स्काई लिफ्ट के सामने लगे कांच पर डंडे से हमला कर उसे तोड़ दिया गया। फरियादी ने वाहन को करीब 15 हजार रुपए का नुकसान होने की बात पुलिस को बताई है।

पुलिस के अनुसार नगर परिषद रन्नौद में अस्थायी इलेक्ट्रिशियन के रूप में कार्यरत नीरज जोशी 20 सितंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे गिल्टोरा में स्ट्रीट लाइट बदलने पहुंचे थे। इसी दौरान गिल्टोरा निवासी दिक्कपाल जाट ने उन्हें खंभे पर लाइट लगाने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान दिक्कपाल जाट ने नीरज जोशी के साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर उनके गाल पर थप्पड़ मार दिया। इसके बाद नगर परिषद की स्काई लिफ्ट के सामने लगे कांच को डंडे से मारकर तोड़ दिया गया। घटना में वाहन को करीब 15 हजार रुपए का नुकसान होने का आरोप है। विवाद के दौरान वाहन चालक सलमान खान और उमेश उपाध्याय मौके पर पहुंचे और दोनों के बीच बीच-बचाव कराया। नीरज जोशी ने पुलिस को बताया कि घटना में उन्हें ऐसी चोट नहीं आई, जिसके लिए मेडिकल परीक्षण आवश्यक हो। उन्होंने मेडिकल कराने से भी इनकार कर दिया। फरियादी नीरज जोशी की रिपोर्ट पर रन्नौद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएसएन) की धारा 115(2), 296(बी) और 324(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब घटना के दौरान हुए विवाद, मारपीट और स्काई लिफ्ट के कांच को हुए नुकसान से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top