बिना सहमति मीटर बदलने और कनेक्शन काटने की धमकी के लगाए आरोप
शिवपुरी। शहर में स्मार्ट मीटर लगाए जाने को लेकर विद्युत कंपनी और उपभोक्ताओं के बीच विवाद बढ़ता दिखाई दे रहा है। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि सही ढंग से चल रहे मीटर भी बदले जा रहे हैं और विरोध करने वाले उपभोक्ताओं पर कनेक्शन काटने का दबाव बनाया जा रहा है। ग्राहक पंचायत के जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह रघुवंशी, सचिव दाताराम प्रजापति, कोषाध्यक्ष संदीप मिश्रा एवं पूर्व जिलाध्यक्ष अखिलेश शर्मा ने सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और विधायक देवेंद्र जैन को पत्र भेजकर हस्तक्षेप की मांग की है।
संगठन का कहना है कि उपभोक्ताओं की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाने की कार्रवाई रोकी जाए तथा कथित दबाव और धमकी की शिकायतों की जांच कराई जाए। पंचायत ने विद्युत नियामक आयोग के निर्देशों का हवाला देते हुए भी प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। वहीं, मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की आधिकारिक जानकारी के अनुसार स्मार्ट मीटर आधारित नई सेवा कनेक्शन की प्रक्रिया आरडीएसएस के तहत संचालित की जा रही है। ग्राहक पंचायत ने चेतावनी दी है कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन का रास्ता अपनाएगा।


