त्योहारों से पहले सड़कों पर उतरीं एसपी, बाजार का लिया जायजा

MP DARPAN
0

माधव चौक से गुरुद्वारा चौराहे तक पैदल भ्रमण, बेतरतीब पार्किंग पर सख्ती, विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा के निर्देश


शिवपुरी।
आगामी त्योहारों और डोल ग्यारस को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया सोमवार को पुलिस बल के साथ शहर की सड़कों पर उतरीं। उन्होंने प्रमुख बाजारों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों का पैदल भ्रमण कर कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान एसपी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान बाजारों में भीड़ और यातायात दबाव के बीच व्यवस्था किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

एसपी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने हॉस्पिटल चौराहा, कोर्ट रोड, सब्जी मंडी होते हुए माधव चौक तक पैदल भ्रमण किया। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात की स्थिति देखने के साथ दुकानों के सामने बेतरतीब खड़े वाहनों को व्यवस्थित पार्क कराने के निर्देश यातायात प्रभारी को दिए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक गुरुद्वारा चौराहा, राजेश्वरी रोड, पोलो ग्राउंड और पुलिस लाइन पहुंचीं। भ्रमण के दौरान एसपी ने आमजन से भी बातचीत कर शहर की यातायात एवं कानून-व्यवस्था से जुड़ी जानकारी ली और त्योहारों के दौरान शांति एवं संयम बनाए रखने की अपील की। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पैदल भ्रमण, वाहन चेकिंग और बाजारों व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक रणवीर यादव को शहर में वाहनों के प्रवेश और पार्किंग व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। डोल ग्यारस पर गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर भी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी की है। निर्धारित विसर्जन स्थलों और मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। एसपी ने लोगों से निर्धारित स्थानों पर ही विसर्जन करने और पानी में उतरने से बचने की अपील की, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके। भ्रमण के दौरान सीएसपी सचिन कुमार धुर्वे, यातायात प्रभारी रणवीर यादव, कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे, रक्षित निरीक्षक गायत्री इटोरिया, सूबेदार प्रियंका घोष सहित पुलिस बल मौजूद रहा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top