जबरिया लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर के विरुद्ध आमजन का साथ देने की अपील की
शिवपुरी। ग्राहक हितैषी संगठन अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन को ज्ञापन सौंपकर शहर में जबरन लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों के विरुद्ध आम जनता का साथ देने की अपील की है।
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के जिलाध्यक्ष जितेंद्र रघुवंशी एवं सचिव दाताराम प्रजापति ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में बताया कि उपभोक्ताओं की लगातार आ रही शिकायतों के बाद संगठन जबरिया और डरा-धमकाकर लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों के खिलाफ अभियान चला रहा है। इसी क्रम में आज बड़ी संख्या में संगठन के प्रतिनिधियों ने विधायक देवेंद्र जैन से उनके निवास पर मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा की मांग की। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि जब मध्य प्रदेश विद्युत नियामक आयोग द्वारा उपभोक्ताओं को विकल्प और सहूलियतें दी गई हैं, तो मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा जबरन स्मार्ट मीटर क्यों थोपे जा रहे हैं? मुलाकात के दौरान संगठन पदाधिकारियों द्वारा रखी गई बातों को विधायक देवेंद्र जैन ने ध्यानपूर्वक सुना। विधायक ने प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि वे विद्युत मंडल के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देंगे कि किसी भी उपभोक्ता के साथ बदतमीजी या जबरदस्ती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ज्ञापन सौंपने वालों में संदीप मिश्रा, तुलसी नामदेव, उमा उपाध्याय, पारुल शर्मा, शुभ्रा शर्मा, अनुराग कटारे, अखिलेश शर्मा, महेश जैन, अमित रघुवंशी, अनिल डांडे, प्रदीप डांडे, पोला डांडे, सोनू शर्मा सहित वार्ड क्रमांक 14 के अनेक नागरिक उपस्थित रहे।


