36 हजार रुपये की शराब बरामद, न्यायालय ने भेजा जेल
शिवपुरी। अवैध शराब के खिलाफ बैराड़ पुलिस ने एक ही दिन में दो अलग-अलग कार्रवाईयों को अंजाम दिया है। पुलिस ने दो स्थानों से दो कैनों में भरी कुल 180 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 36 हजार रुपये बताई गई है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर चल रहे अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत एएसपी आरडी प्रजापति और एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में बैराड़ थाना प्रभारी सुरेश शर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाईयां कीं।
पहली कार्रवाई में मुखबिर की सूचना पर बरोद रोड स्थित ठाकुर बाबा मंदिर के पास दबिश देकर पुलिस ने दोली पुत्र रतनु बाल्मीकि उम्र 50 वर्ष निवासी टपरा मोहल्ला बैराड़ और संदीप पुत्र मिश्री प्रजापति उम्र 26 वर्ष निवासी कालामढ़ बैराड़ को पकड़ा। इनके कब्जे से करीब 100 लीटर कच्ची शराब, कीमत 20 हजार रुपये, बरामद हुई। मामले में अपराध क्रमांक 377/2026, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। वहीं दूसरी कार्रवाई में रैय्यन गांव के खजियाई तलैया के पास खेत से विजय पुत्र कल्याण मोगिया उम्र 36 वर्ष निवासी रैय्यन को गिरफ्तार कर 80 लीटर शराब जब्त की गई। इस मामले में अपराध क्रमांक 378/2026 दर्ज किया गया। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक सुरेश शर्मा, सउनि केदार सिंह, प्रआर गिर्राज मीणा, आरक्षक ज्ञान सिंह, वीरेन्द्र धाकड़, धर्मेन्द्र रावत, रविन्द्र धाकड़, राजेन्द्र प्रसाद, चालक आरक्षक मनीष परिहार और आरक्षक अजय नीखरा की भूमिका रही।


