जंगल में लोडिंग वाहन समेत चोरी की भैंस बरामद
शिवपुरी। भैंस चोरी की वारदात को अंजाम देकर भागने की फिराक में बैठे पांच आरोपियों को सुभाषपुरा पुलिस ने महज आठ घंटे में गिरफ्तार कर चोरी की वारदात का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने भैंस को भैंसोरा के जंगल से लोडिंग वाहन सहित बरामद कर वाहन को भी जब्त कर लिया। सुभाषपुरा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से पशु चोरी करने वाले गिरोह की योजना धरी रह गई।
सुभाषपुरा थाना प्रभारी अरविन्द सिंह चौहान के अनुसार, 15 नवंबर की रात ग्राम इमलिया निवासी औतार पुत्र जगन्नाथ परिहार उम्र 48 वर्ष की भैंस घर की खिरक में बंधी थी। रात 10 से 2 बजे के बीच अज्ञात चोर उसे चुरा ले गए। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना सुभाषपुरा में अपराध क्रमांक 158/26, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने थाना प्रभारी अरविन्द सिंह चौहान को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं एसडीओपी सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तलाश शुरू की। भैंसोरा के जंगल में लोडिंग वाहन क्रमांक एमपी 07 जेडक्यू 8820 में चोरी की भैंस मिली। मौके से शौकत खान पुत्र इकबाल खान उम्र 30 साल निवासी ग्वालियर, शाहिद कुरैशी पुत्र सल्लू कुरैशी उम्र 18 साल निवासी ग्वालियर, सुमित पुत्र धर्मेन्द्र रजक उम्र 22 साल निवासी ग्वालियर, शाहिद पुत्र सलीम कुरैशी उम्र 20 साल निवासी झांसी हाल निवासी किलागेट ग्वालियर एवं शकील कुरैशी पुत्र असलम उम्र 25 साल निवासी ग्वालियर को गिरफ्तार किया गया। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी अरविन्द सिंह चौहान, महेशदत्त शर्मा, अभय सिंह, अवधेश शर्मा, धर्मेन्द्र शर्मा, गोरे सिंह जादौन, संजय जाट, राहुल बघेल, अर्जुन सिंह जाट, काले खां एवं महेन्द्र कुशवाह की सराहनीय भूमिका रही।


