कबाड़ दुकानों पर आबकारी विभाग का छापा, शराब की खाली बोतलों का हिसाब खंगाला

MP DARPAN
0

शिवपुरी। शराब की खाली बोतलों में दोबारा मदिरा भरकर बेचने और अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने अब कबाड़ दुकानों की निगरानी शुरू कर दी है। सोमवार को आबकारी विभाग की टीम ने शहर के अंतर्गत संचालित कबाड़ दुकानों का निरीक्षण कर शराब की खाली कांच एवं प्लास्टिक की बोतलों तथा देशी मदिरा की खाली पेटियों के संग्रहण और निस्तारण की जानकारी जुटाई।

कलेक्टर अर्पित वर्मा एवं आबकारी संभागीय उडऩदस्ता ग्वालियर के उपायुक्त संदीप शर्मा के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी शुभम दांगोड़े के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कबाड़ कारोबारियों से पूछा कि शराब की खाली बोतलें और पेटियां उन्हें कहां से मिलती हैं, कितनी मात्रा में उनका संग्रहण किया जाता है और बाद में उनका निस्तारण कहां तथा किस प्रक्रिया से होता है। टीम ने बोतलों एवं पेटियों के क्रय-विक्रय और संधारण से संबंधित रिकॉर्ड की भी जानकारी ली। आबकारी विभाग की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य खाली शराब बोतलों के अवैध पुन: उपयोग, उनमें शराब की रीफिलिंग कर बिक्री करने और अवैध मदिरा निर्माण जैसी गतिविधियों पर रोक लगाना है। विभाग ने कबाड़ व्यवसायियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे खाली बोतलों और पेटियों के खरीद-बिक्री एवं निस्तारण का उचित रिकॉर्ड रखें तथा जांच के दौरान अधिकारियों को पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं। आबकारी विभाग ने साफ किया है कि जिले में अवैध मदिरा के कारोबार और दुरुपयोग पर लगाम लगाने के लिए इस तरह की जांच एवं निगरानी आगे भी लगातार जारी रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top