प्रेम प्रसंग में खौफनाक हत्या, युवक का गला घोंटकर जंगल में दफनाया शव

MP DARPAN
0

शिवपुरी एवं राजगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सनसनीखेज खुलासा

शिवपुरी। दिनारा थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते की गई एक नृशंस हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। ग्राम तलवेंऊ के पास खाती बाबा मंदिर की पहाडिय़ा पर जंगल में एक युवक का शव गड्ढे में पत्थरों से ढका मिला, जिसे देख इलाके में हड़कंप मच गया। हत्या कर शव को छिपाने की यह साजिश राजगढ़ और शिवपुरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बेनकाब हुई।

मृतक की पहचान 26 वर्षीय जीवन कुमार यादव, पिता जगदीश यादव, निवासी बमौरी गांव, थाना तलेंन, जिला राजगढ़ के रूप में हुई है। जीवन मजदूरी के सिलसिले में अपनी पत्नी के साथ खिलचीपुर क्षेत्र में रह रहा था। इसी दौरान करीब सात महीने पहले उसकी पहचान शिवपुरी जिले के करेरा थाना क्षेत्र के नारही गांव निवासी छोटू ठाकुर से हुई। दोस्ती धीरे-धीरे गहरी हुई और छोटू का जीवन के घर आना-जाना शुरू हो गया। पुलिस जांच में सामने आया कि इसी दौरान छोटू ठाकुर और जीवन की पत्नी के बीच बातचीत बढ़ी, जो बाद में प्रेम प्रसंग में बदल गई। यही संबंध जीवन की हत्या की वजह बना। 8 जनवरी को जीवन कुमार यादव अचानक लापता हो गया। परिजनों ने तलाश के बाद 10 जनवरी को खिलचीपुर थाना में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड और मोबाइल लोकेशन खंगाली, जिसमें जीवन की अंतिम लोकेशन दतिया जिले के पनुआ गांव क्षेत्र में मिली। लोकेशन के आधार पर खिलचीपुर थाना पुलिस ने पनुआ गांव पहुंचकर अजय जाटव नामक युवक को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पूरी खौफनाक साजिश का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस के अनुसार, छोटू ठाकुर का जिगरी दोस्त छोटू जाटव है, और छोटू जाटव के मामा अजय जाटव पनुआ गांव के निवासी हैं, जिन्हें छोटू ठाकुर मुंह बोला मामा मानता था। 8 जनवरी को छोटू ठाकुर ने योजनाबद्ध तरीके से जीवन को पनुआ गांव बुलाया। वहां से तीनों उसे दिनारा थाना क्षेत्र के ग्राम तलवेंऊ के पास खाती बाबा मंदिर की पहाडिय़ा पर जंगल में ले गए। आरोप है कि पहले जीवन को शराब पिलाई गई, फिर शाफी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को वन विभाग द्वारा पानी सोखने के लिए खोदे गए गड्ढे में डालकर ऊपर से पत्थरों से ढक दिया गया, ताकि किसी को शक न हो। अजय जाटव की निशानदेही पर खिलचीपुर और दिनारा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शव बरामद किया। शव का पोस्टमॉर्टम करेरा में कराया जा रहा है। आगे की कार्रवाई खिलचीपुर थाना पुलिस द्वारा की जाएगी, जिसके तहत आरोपी और शव को राजगढ़ ले जाया जाएगा। पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी गहन जांच कर रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top