भगवान आदिनाथ के गर्भ कल्याणक के पावन दिवस पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
शिवपुरी। तीर्थ उदय गोलाकोट में आज पंचकल्याणक विश्वशांति यज्ञ का विधिवत एवं अत्यंत भव्य शुभारंभ हुआ। शुभारंभ का साक्षी बना भगवान श्री आदिनाथ बड़े बाबा का गर्भ कल्याणक दिवस, जिसे प्रथम दिवस के रूप में गहन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया।
प्रातःकालीन बेला में भव्य अभिषेक एवं पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें देश-प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पधारे असंख्य श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया। मंत्रोच्चार, शंखनाद और भक्तिगीतों की मधुर ध्वनि से संपूर्ण तीर्थ परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से आलोकित हो उठा। इस अवसर पर मुनि श्री के दिव्य प्रवचनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को अहिंसा, शांति, आत्मशुद्धि और विश्वकल्याण के पथ पर अग्रसर होने का प्रेरक संदेश दिया। मुनि श्री की भावपूर्ण देशना से श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और जीवन में धर्म, संयम व सदाचार को अपनाने का संकल्प लिया। आयोजकों ने बताया कि आगामी दिनों में पंचकल्याणक के विविध अनुष्ठान, विश्वशांति यज्ञ, विशेष पूजन, प्रवचन एवं धार्मिक कार्यक्रम भव्यता के साथ संपन्न होंगे, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की संभावना है।


