स्कूलों में अब नहीं चलेगी लापरवाही: डीईओ आकाश यादव ने तय की जवाबदेही, दिए सख्त निर्देश

MP DARPAN
0

नवपदस्थ डीईओ ने बीईओ, संकुल प्रभारियों और प्रभारी एईओ से की वन-टू-वन चर्चा

शिवपुरी। जिले की शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए नवपदस्थ जिला शिक्षा अधिकारी आकाश यादव ने बड़ा संदेश दिया है। उत्कृष्ट उमावि क्रमांक-1 में आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले का कोई भी स्कूल समय से खुलना, नियमित कक्षाओं का संचालन और छात्रों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने में पीछे नहीं रहना चाहिए। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी।

बैठक में डीईओ श्री यादव ने सभी बीईओ, संकुल प्रभारियों और प्रभारी एईओ से वन-टू-वन चर्चा कर जमीनी हकीकत जानी और शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि कक्षा 1 से 12वीं तक संचालित सभी शैक्षणिक एवं कल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा 30 जून तक नामांकन लक्ष्य हर हाल में पूरा किया जाए। डीईओ ने स्कूलों की साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, छात्र-छात्राओं के लिए पृथक शौचालय और सुरक्षित वातावरण को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए जर्जर एवं जीर्णशीर्ण भवनों में बच्चों को न बैठाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की स्थिति में जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी। बैठक में सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और अन्य शिकायतों के त्वरित निराकरण पर भी जोर दिया गया। कलेक्टर के निर्देशानुसार शिक्षा विभाग को जिले में ए रेटिंग दिलाने का लक्ष्य तय किया गया है, जिसे 15 जुलाई से पहले हासिल करने के निर्देश दिए गए। साथ ही लंबे समय से अनुपस्थित कर्मचारियों की जानकारी तीन दिन में उपलब्ध कराने और विधि कक्ष से जुड़े लंबित मामलों का तत्काल निराकरण करने को कहा गया। डीईओ ने स्पष्ट किया कि विकासखंड स्तर पर आईटी सेल गठित कर सभी शासकीय पोर्टलों को नियमित अपडेट किया जाए। वरिष्ठ अधिकारियों के निरीक्षण में यदि किसी स्कूल में अव्यवस्था पाई गई तो संबंधित बीईओ और एईओ सीधे जिम्मेदार होंगे। बैठक में आरएमएसए एडीपीसी स्वीटी मंगल, एपीसी राजाबाबू आर्य, प्राचार्य विवेक श्रीवास्तव, राहुल भार्गव, वत्सराज सिंह राठौड़, अर्चना शर्मा, प्रेमलता गुप्ता, कौशल गौतम, अवधेश तौमर और भरत धाकड़ सहित जिलेभर के शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे। अंत में उमरिया की डीईओ नियुक्त हुईं स्वीटी मंगल तथा उज्जैन डीपीसी बने राहुल भार्गव का सम्मान कर शुभकामनाएं दी गईं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top