शिवपुरी। पिछोर थाना क्षेत्र के ग्राम कालीपहाड़ी कईपई में 25 वर्षीय सिवनी जाटव की संदिग्ध मौत ने तूल पकड़ लिया। सात माह की गर्भवती सिवनी की मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताडऩा और मारपीट के गंभीर आरोप लगाते हुए गुरुवार को पिछोर थाने के बाहर शव रखकर चक्काजाम कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि सिवनी का विवाह तीन वर्ष पूर्व दीपक जाटव से हुआ था। शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताडि़त किया जाता था। 22 जून को ससुराल में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान विवाद हुआ, जिसमें सिवनी और उसके मायके पक्ष के लोगों के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि गर्भवती सिवनी के पेट में कई बार लात मारी गई, जिससे उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। 24 जून को जिला अस्पताल से सिवनी की मौत की सूचना मिलने के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद कार्रवाई नहीं होने से नाराज परिजन शव लेकर पिछोर थाने पहुंच गए और लगभग डेढ़ घंटे तक चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पति समेत ससुराल पक्ष के खिलाफ हत्या और दहेज प्रताडऩा का मामला दर्ज करने की मांग की। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद परिजनों ने आंदोलन समाप्त किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


