शिवपुरी। ललितपुर से बारात में शामिल होकर लौट रहे युवकों की कार गुरुवार तड़के बामौरकला थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पलट गई। दर्दनाक हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार अशोकनगर और शिवपुरी जिले के पांच युवक उत्तर प्रदेश के ललितपुर में बारात में शामिल होने गए थे। गुरुवार सुबह करीब 3:45 बजे पिछोर-चंदेरी रोड पर बुढ़ानपुर स्थित मसीदघाट कलारी के सामने उनकी टीयूवी कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और कई पलटे खाते हुए सड़क किनारे जा गिरी। हादसे में दुर्गापुर निवासी राघवेन्द्र यादव उम्र 20 वर्षऔर उनके चचेरे भाई सुवेन्द्र उर्फ कल्ला यादव उम्र 22 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अमन यादव और यश यादव गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए झांसी रेफर किया गया है।सूचना मिलते ही डायल-112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा घायलों को तत्काल खनियाधाना अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने राघवेन्द्र और सुवेन्द्र को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार हादसे की वजह मानी जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है और बारात की खुशियां पलभर में गम में बदल गईं।


