शिवपुरी। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार जिले में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण, नमूना संग्रहण एवं जनजागरूकता संबंधी कार्यवाही निरंतर जारी है। इसी क्रम में गत दिवस तहसीलदार करैरा ललित शर्मा द्वारा टीम के साथ करैरा नगर स्थित डेयरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्रित किए गए।
तहसीलदार ललित शर्मा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अंतर्गत करैरा नगर की रामराज डेयरी एवं आजाद डेयरी से विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता, शुद्धता एवं गुणवत्ता संबंधी मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की मिलावट से दूर रहने के निर्देश दिए गए। साथ ही उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। संग्रहित सभी खाद्य नमूनों को परीक्षण के लिए खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत यदि किसी प्रतिष्ठान में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधितों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


