लाइब्रेरी में मोबाइल छीना, धमकाया और फिर 12वीं छात्रा की संदिग्ध मौत!, 4 पर एफआईआर

MP DARPAN
0

शिवपुरी। पिछोर कस्बे में 12वीं की छात्रा की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्राम पनिहारी निवासी 17 वर्षीय शिल्पी लोधी के कमरे में फांसी पर लटके मिलने के बाद पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मृतका की मां अंगूरी बाई लोधी ने बेटी को लगातार प्रताडि़त किए जाने और हत्या की आशंका जताई है।

पुलिस के अनुसार शिल्पी पिछोर के तहसील मोहल्ला स्थित किराए के कमरे में रहकर पढ़ाई कर रही थी। बुधवार रात उसका शव कमरे में फांसी के फंदे पर मिला। मामले ने तब नया मोड़ लिया जब मां ने पुलिस को बताया कि घटना से कुछ घंटे पहले शिल्पी ने फोन कर अपनी परेशानी साझा की थी। शिकायत में रामवीर लोधी पनिहारी, सत्यम लोधी ममरौनी, राहुल लोधी लभेड़ा और सतीश लोधी दबियाजगन पर आरोप लगाए गए हैं। मां का कहना है कि चारों युवक लाइब्रेरी पहुंचे, जहां उन्होंने शिल्पी को धमकाया, उसका मोबाइल छीन लिया, सिम तोड़ दी और मानसिक रूप से प्रताडि़त किया। आरोप है कि ये युवक पहले भी उसे परेशान करते रहे थे। मां ने यह भी दावा किया है कि शाम को शिल्पी को दो लोगों के साथ अपाचे बाइक पर जाते देखा गया था। ऐसे में उन्होंने आशंका जताई है कि यह केवल आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या का मामला भी हो सकता है। पिछोर थाना पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 107 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अब पुलिस मौत के पीछे की असल कहानी तलाश रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top