असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी
शिवपुरी। मोहर्रम पर्व के मद्देनजर जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शिवपुरी पुलिस ने गुरुवार को शहर में व्यापक फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के नेतृत्व में निकले इस मार्च ने जहां आमजन में सुरक्षा का भरोसा जगाया, वहीं असामाजिक और अराजक तत्वों को कड़ा संदेश भी दिया।
पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करने, ताजिया संचालकों से समन्वय बनाए रखने तथा कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में शहर और जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च आयोजित किए गए। शिवपुरी शहर में निकला मुख्य फ्लैग मार्च पोलो ग्राउंड से शुरू होकर अस्पताल चौराहा, कोर्ट रोड, माधव चौक, कमलागंज, बाबू क्वार्टर रोड, चीलौद, फिजिकल रोड, नीलघर चौराहा, इमामबाड़ा, सुभाष चौक, काली माता मंदिर तिराहा, झांसी तिराहा, गुरुद्वारा चौराहा और राजेश्वरी रोड से गुजरते हुए पुलिस लाइन पहुंचकर संपन्न हुआ। पूरे मार्ग में पुलिस बल की मौजूदगी ने सुरक्षा व्यवस्था की मजबूती का अहसास कराया। फ्लैग मार्च से पूर्व पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और जवानों को विस्तृत ब्रीफिंग देते हुए संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने, अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई करने तथा त्वरित प्रतिक्रिया बनाए रखने के निर्देश दिए। मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से संवाद कर शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। लोगों से कहा गया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अराजक तत्व की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। साथ ही सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली अपुष्ट सूचनाओं और अफवाहों पर विश्वास न करने की सलाह दी गई। फ्लैग मार्च में पुलिस अधीक्षक के साथ सीएसपी संजय चतुर्वेदी, रक्षित निरीक्षक अनिल कवरेती, कोतवाली, देहात, फिजिकल, यातायात एवं अजाक थाना प्रभारियों सहित पुलिस लाइन और यातायात शाखा का बल मौजूद रहा।



