हॉलीवुड्स इंटरनेशनल स्कूल के तत्वावधान में आयोजित होगी पहली ओपन स्केटिंग चैम्पियनशिप
शिवपुरी। शहर में 24 जून को स्केटिंग का रोमांच अपने चरम पर रहेगा। हॉलीवुड्स इंटरनेशनल स्कूल के तत्वावधान में आयोजित पहली ओपन स्केटिंग चैम्पियनशिप में नन्हे-मुन्ने खिलाडिय़ों से लेकर युवा स्केटर्स तक अपनी रफ्तार और संतुलन का दम दिखाएंगे। प्रतियोगिता का आयोजन वीर सावरकर पार्क स्थित शिवपुरी स्केटिंग एकेडमी में शाम 4 बजे से 7 बजे तक किया जाएगा।
यह प्रतियोगिता अपने आप में खास है, क्योंकि इसमें 2 वर्ष से अधिक आयु के सभी स्केटर्स भाग ले सकेंगे। ट्रैक पर दौड़ते पहिए, गति का रोमांच और जीत की जंग दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी। आयोजन के माध्यम से शहर की उभरती खेल प्रतिभाओं को मंच देने का प्रयास किया जा रहा है। शिवपुरी स्केटिंग एकेडमी के संचालक सुखवीर सर ने बताया कि यह एक ओपन प्रतियोगिता है, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पंजीयन अनिवार्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि एकेडमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बच्चे लंबे समय से इस आयोजन की तैयारी कर रहे हैं। आयोजकों का मानना है कि यह प्रतियोगिता केवल जीत-हार तक सीमित नहीं होगी, बल्कि बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल भावना को भी नई उड़ान देगी। शहर के खेल प्रेमियों की नजरें अब इस रोमांचक आयोजन पर टिकी हैं।


