गुना। भारतीय जनसंघ के संस्थापक और प्रखर राष्ट्रवादी विचारक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर मंगलवार को भाजपा गुना नगर मंडल द्वारा जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
सभा को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और संघर्ष का प्रतीक है। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। उनका सपना एक सशक्त, अखंड और आत्मनिर्भर भारत का था, जिसके लिए उन्होंने अंतिम सांस तक संघर्ष किया। श्री सिकरवार ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का ऐतिहासिक उद्घोष एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे आज भी राष्ट्रहित में कार्य करने वालों के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है। जम्मू-कश्मीर के पूर्ण एकीकरण के लिए उनका संघर्ष भारतीय इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। उन्होंने राष्ट्र की एकता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देकर देशवासियों को अमिट संदेश दिया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के आदर्शों पर चलकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि उनका जीवन नई पीढ़ी को राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि हरि सिंह यादव, पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह सलूजा, नगर पालिका उपाध्यक्ष धरम सोनी, अंकुर श्रीवास्तव, अर्जुन सिंह राजपूत, राजेश साहू, नीतू ओझा, छाया बाल्के, वीरेंद्र धाकड़, वंदना मांडरे, बृजेश राठौर, सुरेश रघुवंशी, संजीव विजयवर्गीय, शंभु सेन, हरीश उरैया, अर्पित शर्मा, मुकेश ओझा, सूर्या राठौर, महाराज सिंह लोधा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह राजपूत ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन मंडल महामंत्री हरीश उरैया ने व्यक्त किया।


