कहीं स्कूलों पर लटके मिले ताले, कहीं हस्ताक्षर कर गायब हुए शिक्षक, डीपीसी ने जारी किए नोटिस, होगी सख्त कार्रवाई
शिवपुरी। ग्रीष्मकालीन अवकाश समाप्त हुए कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन जिले के कई सरकारी स्कूलों में अब भी छुट्टियों का असर साफ दिखाई दे रहा है। जिला परियोजना समन्वयक दफेदार सिंह सिकरवार के औचक निरीक्षण में शिक्षा व्यवस्था की चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई। कई स्कूल बंद मिले, कुछ जगह शिक्षक नदारद थे तो कहीं शिक्षक मौजूद थे लेकिन कक्षाएं छात्रों से खाली थीं।
निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय जमोनिया दोपहर 2:10 बजे ताले में बंद मिला। यहां पदस्थ रवि कुमार चौधरी को नोटिस जारी किया गया। आदिवासी बस्ती हस्तिनापुर में शिक्षक श्रीनिवास जाटव अनुपस्थित मिले और एक भी छात्र उपस्थित नहीं था। गहलोनी में शिक्षक नरेन्द्र अग्रवाल हस्ताक्षर कर स्कूल से गायब पाए गए। वहीं राजपुरा विद्यालय बंद मिला, जहां शिक्षिका शशि भदौरिया को नोटिस जारी किया गया। अलापुरा स्कूल में पदस्थ सुरेश मांझी के विद्यालय में भी शैक्षणिक गतिविधियां ठप मिलीं। पोहरी विकासखंड के गुरिच्छा माध्यमिक विद्यालय में ताले लटके मिले, जिसके चलते प्रेमदास बैरागी, प्रशांत शर्मा और अशोक शर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। हालांकि जाफरपुर विद्यालय ने सकारात्मक उदाहरण पेश किया। यहां सभी शिक्षक उपस्थित मिले और बच्चों का शैक्षणिक स्तर भी संतोषजनक पाया गया, जिस पर डीपीसी ने शिक्षकों की सराहना की। डीपीसी दफेदार सिंह सिकरवार ने स्पष्ट कहा कि लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।


