शिवपुरी। किसानों के लिए निर्धारित उर्वरक की कालाबाजारी पर तेंदुआ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 8 लाख 40 हजार रुपये मूल्य के 70 कट्टे डीएपी खाद से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर ली। कार्रवाई में अवैध परिवहन और उर्वरक की कालाबाजारी का खुलासा हुआ है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी करैरा संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में तेंदुआ पुलिस ने कृषि विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई की। मंगलवार रात करीब एक बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस और उर्वरक निरीक्षक एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कल्लू कोली ने छापामार कार्रवाई की। जांच के दौरान रिंकू धाकड़ एवं एक अन्य व्यक्ति द्वारा स्वराज 735 एफई ट्रैक्टर-ट्रॉली में 70 कट्टे डीएपी उर्वरक का अवैध परिवहन और कालाबाजारी किए जाने की पुष्टि हुई। टीम ने मौके से पूरा माल जब्त कर आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विवेचना जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक नीतू सिंह धाकड़, सहायक उपनिरीक्षक जितेन्द्र सिंह जाट, आरक्षक पवन जाट, राहुल परिहार तथा हरिओम कौरव की विशेष भूमिका रही।
तेंदुआ पुलिस ने डीएपी खाद की कालाबाजारी पकड़ी, 8.40 लाख का उर्वरक और ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
8:28 pm
0
अन्य ऐप में शेयर करें


