हॉलीबुड्स इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित सुखवीर एकेडमी के स्विमिंग कैंप का भव्य समापन
शिवपुरी। गर्मी की तपिश के बीच बच्चों ने पानी में ऐसा हुनर दिखाया कि समापन समारोह तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा। हॉलीबुड्स इंटरनेशनल स्कूल परिसर में सुखवीर डांस एकेडमी द्वारा आयोजित स्विमिंग समर कैंप 2026 का भव्य समापन समारोह उत्साह, सम्मान और उपलब्धियों के साथ संपन्न हुआ। कैंप का सफल संचालन एवं प्रशिक्षण व्यवस्था सुखवीर सर, नवीन अवस्थी, उदयवीर सिंह राजावत के निर्देशन में की गई। वहीं मेवाड़ पैलेस में स्विमिंग क्लासेज निरंतर जारी रहेंगी।
2 मई से 16 जून तक चले इस विशेष स्विमिंग प्रशिक्षण शिविर में बच्चों ने न केवल तैराकी की बारीकियां सीखीं, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन और साहस का भी पाठ पढ़ा। कैंप के दौरान प्रतिभागियों ने पानी में संतुलन, गति और सुरक्षा से जुड़ी तकनीकों में दक्षता हासिल की। समापन समारोह में सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को मैडल एवं सम्मान पत्र प्रदान कर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन का सम्मान किया गया। बच्चों के चेहरों पर सफलता की मुस्कान और अभिभावकों के चेहरे पर गर्व साफ दिखाई दे रहा था। कार्यक्रम में विद्यालय के डायरेक्टर पिंकी गोस्वामी, राजेश गोस्वामी, विनोद शर्मा, भारत त्रिवेदी, अमिताभ त्रिवेदी, भूमिका, उप प्राचार्य नाजिया खान, मैनेजर नवीन अवस्थी, वरिष्ठ पत्रकार बृजेश तोमर एवं सूरज जैन पत्ते वाले सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि तैराकी एक ऐसा कौशल है जो खेल के साथ-साथ जीवन रक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि आज के दौर में बच्चों को खेल गतिविधियों से जोडऩा समय की आवश्यकता है और सुखवीर डांस एकेडमी द्वारा संचालित यह शिविर बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास की दिशा में एक सराहनीय पहल है। कार्यक्रम का आकर्षक एवं प्रभावशाली मंच संचालन शिल्पा दुबे ने किया। उन्होंने अपने जीवंत अंदाज से पूरे समारोह को यादगार बना दिया। समापन अवसर पर सुखवीर सर ने सभी प्रशिक्षुओं, अभिभावकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों के उत्साह और अभिभावकों के सहयोग ने शिविर को अभूतपूर्व सफलता दिलाई है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से बच्चों की प्रतिभा को निखारने का संकल्प दोहराया।


