शिवपुरी। अवैध हथियारों के खिलाफ कोलारस पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना कोलारस पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों से वारदात की फिराक में घूम रहे दो आदतन बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो अवैध देशी कट्टे, तीन जिंदा कारतूस और एक खाली कारतूस बरामद किए हैं। यह कार्रवाईयां एसपी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन, एएसपी आरडी प्रजापति एवं कोलारस एसडीओपी संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में की गईं।
कोलारस टीआई पुनीत वाजपेयी के अनुसार, पहली कार्रवाई में रामपुर-भड़ौता रोड स्थित पावर हाउस के पास से देहरदा गणेश निवासी 42 वर्षीय छोटा शिवहरे को एक देशी कट्टा, एक जिंदा और एक खाली कारतूस सहित पकड़ा गया। वहीं दूसरी कार्रवाई में सड़ैयाबाग मंदिर के पास हाईवे स्थित बंद पड़े जाट बाबा ढाबा से पठान मोहल्ला निवासी 26 वर्षीय नहीम उर्फ नईम को 315 बोर का देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी किसी गंभीर वारदात की तैयारी में थे, लेकिन मुखबिर की सटीक सूचना और कोलारस पुलिस की तत्परता से उनकी मंशा नाकाम हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।


