शिवपुरी। पुलिस मुख्यालय के नशे से दूरी 2.0 अभियान के तहत बुधवार को महिला थाना पुलिस एवं माँ शारदा जिला नशा मुक्ति केन्द्र ने नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में अनूठी पहल की। कार्यक्रम में नशामुक्ति वाहन (एंबुलेंस) और ई-स्कूटी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो जिलेभर में घर-घर पहुंचकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों से जागरूक करेगी और जरूरतमंदों को नशामुक्ति सेवाओं से जोड़ेगी।
कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी सोनम रघुवंशी एवं पत्रकार मणिका शर्मा ने संयुक्त रूप से अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उपस्थित लोगों को नशामुक्त रहने की शपथ दिलाई गई और समाज को नशे के खिलाफ एकजुट होकर जनजागरण चलाने का संदेश दिया गया। अभियान के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। अतिथियों ने पौधारोपण कर लोगों से हरियाली बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि नशामुक्त समाज और स्वच्छ पर्यावरण, दोनों एक स्वस्थ भविष्य की मजबूत नींव हैं। कार्यक्रम में दिनेश कुमार श्रीवास्तव (प्रोजेक्ट इंचार्ज, माँ शारदा जिला नशा मुक्ति केन्द्र), राम अवतार मौर्य, आरिफ खान, रफीक अहमद, पद्म मौर्य, उमाचरण श्रीवास्तव, सुनील कुशवाह सहित महिला थाना का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।


