स्कूलों में लापरवाही पड़ी भारी
शिवपुरी। सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक और प्रशासनिक लापरवाही पर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए दो प्राथमिक शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव ने की।
कार्रवाई से पहले जिला परियोजना समन्वयक, जिला शिक्षा केन्द्र दफेदार सिंह सिकरवार ने विकासखंड शिवपुरी के शासकीय प्राथमिक विद्यालय जमौनिया और विकासखंड पोहरी के शासकीय प्राथमिक विद्यालय अलापुरा का निरीक्षण किया। जांच में दोनों स्कूलों में साफ-सफाई की खराब व्यवस्था, कक्षा-1 में नए प्रवेश नहीं होना, अपार आईडी बनाने की बेहद धीमी प्रगति और यू-डाईस प्रोग्रेशन शून्य पाया गया। वहीं जमौनिया विद्यालय में खिड़की भी टूटी मिली। निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर शासकीय प्राथमिक विद्यालय जमौनिया के प्राथमिक शिक्षक रवि कुमार चौधरी को शासकीय कार्यों में रुचि नहीं लेने और लगातार लापरवाही बरतने का दोषी पाया गया। उन्हें पहले कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया था, लेकिन उन्होंने जवाब प्रस्तुत नहीं किया। वहीं शासकीय प्राथमिक विद्यालय अलापुरा के प्राथमिक शिक्षक सुरेश मांझी के विरुद्ध भी कार्य में लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की गई। दोनों शिक्षकों को मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम-9 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में रवि कुमार चौधरी का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, कोलारस तथा सुरेश मांझी का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, बदरवास निर्धारित किया गया है।


