शिवपुरी। कोतवाली पुलिस ने अवैध जुए के खिलाफ जिले की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में शामिल एक कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय संगठित जुआ गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने भजन होटल फोरलेन के पीछे संचालित जुए के फड़ पर दबिश देकर 17 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई में 1.65 लाख रुपये की नगदी, दो ताश की गड्डियां, 17 मोबाइल फोन, चार कारें सहित कुल 45.15 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति तथा नगर पुलिस अधीक्षक सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे के नेतृत्व में टीम ने 29 जुलाई को सूचना मिलते ही होटल पर घेराबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस को देखकर कुछ लोग भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन टीम ने पहली मंजिल पर जुआ खेल रहे सभी आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में कैलाश धाकड़, विजय पाल, अंकित रजक, इन्द्रपाल चिडार, अरविन्द्र ओझा, आदित्य जैन, अजीत राय, सूरज खटीक झांसी, पंकज शर्मा श्योपुर, अतर सिंह धाकड़, विजय शर्मा, अंकू उर्फ रवि उर्फ रोहित राय, भूरा बाथम, नागेश रावत, सुनील बाथम, सोनेराम रजक तथा विनोद पारासर शामिल हैं। आरोपी शिवपुरी, कोलारस, बदरवास, भौती, झांसी और श्योपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से आकर संगठित रूप से जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने आरोपियों से चार कारें भी जब्त कीं, जिनमें अरविन्द्र ओझा, अजीत राय, अंकू उर्फ रवि उर्फ रोहित तथा विनोद पारासर के वाहन शामिल हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 579/26 के तहत पब्लिक गैम्बलिंग एक्ट की धारा 13 एवं धारा 112(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक रोहित दुबे के साथ उपनिरीक्षक विवेक भट्ट, उपनिरीक्षक सुमित शर्मा, प्रधान आरक्षक गजेन्द्र सिंह परिहार, अवतार सिंह, मोहन चौहान तथा आरक्षक जितेन्द्र रावत, रवि शर्मा, राहुल कुमार, दिलशाद खान, अजीत राजावत और चालक आरक्षक शरद यादव की भूमिका सराहनीय रही।



