म्याना ट्रिपल मर्डर का पर्दाफाश: मां के रिश्तों पर शक और जमीन के लालच में बेटे ने रची तीन हत्याओं की साजिश

MP DARPAN
0

सीसीटीवी और साइबर जांच से खुला राज, मुख्य आरोपी सीताराम व उसका मौसेरा भाई गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी

गुना। म्याना कस्बे में तीन सड़ी-गली लाशें मिलने से पूरे गुना जिले में फैली सनसनी के बीच पुलिस ने महज 7 घंटे में इस बहुचर्चित ट्रिपल मर्डर मिस्ट्री का पर्दाफाश कर दिया। जांच में जो कहानी सामने आई, उसने हर किसी को हैरान कर दिया। हत्या की इस साजिश का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि मृत महिला का अपना बेटा निकला।

जानकारी के अनुसार म्याना थाना क्षेत्र में 21 और 22 जून को एक मकान से तीन शव बरामद हुए थे। मृतकों की पहचान ओमप्रकाश शर्मा उम्र 56 वर्ष, बिंदाबाई जाटव और रामकृष्ण जाटव के रूप में हुई। शव कई दिन पुराने और सड़-गल चुके थे, जिससे शुरुआती जांच बेहद चुनौतीपूर्ण बन गई थी। यहां तक कि एक शव की गलत पहचान होने से उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया गया था, जिसके बाद विवाद की स्थिति निर्मित हो गई थी। पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने एफएसएल, साइबर सेल, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। जांच की कड़ियां जुड़ते ही हत्या के पीछे की वजह भी सामने आ गई। पुलिस के अनुसार बिंदाबाई जाटव के पुत्र सीताराम जाटव को अपनी मां और ओमप्रकाश शर्मा के बीच कथित अवैध संबंधों पर लंबे समय से आपत्ति थी। वहीं ओमप्रकाश की संपत्ति और जमीन को लेकर भी मनमुटाव चल रहा था। रिश्तों को लेकर उपजी नाराजगी और संपत्ति हासिल करने की लालच ने सीताराम को अपराध की राह पर धकेल दिया। जांच में खुलासा हुआ कि 18 जून की रात ओमप्रकाश शर्मा, बिंदाबाई और रामकृष्ण एक साथ बैठे थे। इसी दौरान सीताराम ने अपने मौसेरे भाई सुरेंद्र जाटव और एक अन्य साथी के साथ मिलकर पूर्व नियोजित साजिश को अंजाम दिया। आरोपियों ने तीनों का गला दबाकर हत्या कर दी और शवों को मकान के अलग-अलग कमरों में बंद कर ताले लगा दिए, ताकि वारदात लंबे समय तक छिपी रहे। मकान से उठ रही दुर्गंध के बाद जब लोगों को शक हुआ तो मामला उजागर हुआ और एक-एक कर तीनों शव बरामद किए गए। तिहरे हत्याकांड की खबर से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सीताराम जाटव उम्र 32 वर्ष और उसके मौसेरे भाई सुरेंद्र जाटव उम्र 27 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। वारदात में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top