विधायक देवेंद्र जैन और जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव का मिला समर्थन
शिवपुरी। मां जानकी प्राकट्योत्सव दिवस को राष्ट्रीय दिवस घोषित किए जाने की मांग अब जनआंदोलन का रूप लेती दिखाई दे रही है। इस अभियान को उस समय और मजबूती मिली जब शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन और जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा अमित यादव ने इस मांग का समर्थन करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम पत्र लिखकर अपना समर्थन दर्ज कराया।
अंतर्राष्ट्रीय जानकी सेना संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने दोनों जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर मांग ज्ञापन सौंपा। संगठन का कहना है कि मां जानकी भारतीय संस्कृति, नारी शक्ति, त्याग और आदर्शों की प्रतीक हैं, इसलिए उनके प्राकट्योत्सव दिवस को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिलनी चाहिए। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रम सिंह रावत ने बताया कि इस मांग को लेकर प्रदेशभर में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। पहले चरण में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम 10 हजार मांग पत्र भेजने का लक्ष्य रखा गया था, जिसे बढ़ाते हुए अब 12 हजार मांग पत्र भेजे जाने का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। उन्होंने बताया कि संगठन ने इस अभियान के लिए 14 चरणों की रणनीति तैयार की है। प्रत्येक चरण में लोकतांत्रिक तरीके से जनसमर्थन जुटाया जाएगा। अभियान को नई दिशा देने के लिए जल्द ही राजधानी भोपाल में एक भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी, जिसमें आगामी रणनीति का खुलासा किया जाएगा। विक्रम सिंह रावत ने कहा कि यदि सभी संवैधानिक और लोकतांत्रिक प्रयासों के बावजूद मांग पूरी नहीं होती है तो अंतिम चरण में जानकी सैनिक आमरण अनशन का रास्ता भी अपना सकते हैं।


