योग से स्वस्थ जीवन का संकल्प: मेडिकल कॉलेज और आरोग्य भारती का भव्य सामूहिक योगाभ्यास

MP DARPAN
0

शिवपुरी। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर श्रीमंत राजमाता विजयाराजे सिंधिया चिकित्सा महाविद्यालय एवं आरोग्य भारती के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम उत्साह, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में चिकित्सकों, प्राध्यापकों, नर्सिंग स्टाफ, एमबीबीएस एवं पैरामेडिकल विद्यार्थियों सहित आरोग्य भारती के पदाधिकारियों और सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा स्वस्थ एवं निरोगी जीवन का संदेश दिया। 

कार्यक्रम का शुभारंभ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सह-नोडल अधिकारी एवं अस्थिरोग विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज शर्मा के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने इस वर्ष की थीम स्वस्थ एवं गरिमापूर्ण वृद्धावस्था के लिए योग पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। शल्य चिकित्सा विभागाध्यक्ष एवं योग गुरु डॉ. अनंत राखोंडे ने प्रतिभागियों को सूक्ष्म व्यायाम, प्राणायाम और विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया तथा उनके वैज्ञानिक लाभों की जानकारी दी। इस दौरान डॉ. विवेक पुरवे ने सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के अधिष्ठाता एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. डी. परमहंस ने योग को भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर बताते हुए इसे स्वस्थ समाज निर्माण का आधार कहा। वहीं आरोग्य भारती के विभाग संरक्षक आलोक एम. इंदोरिया ने योग को तनाव, अवसाद और जीवनशैली जनित बीमारियों से मुक्ति का प्रभावी माध्यम बताया। नगराध्यक्ष रवि गोयल ने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। डॉ. अशुतोष चौरषी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का संचालन शिवम शर्मा ने किया तथा अंत में डॉ. राजेन्द्र पवैया ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. अपराजिता तोमर, डॉ. सिरस धीर, डॉ. शुभांगी, डॉ. ज्योति शुक्ला, डॉ. किरण थोराट सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक, छात्र-छात्राएं और आरोग्य भारती के सदस्य उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top