जनसुनवाई की शिकायत ने खोली पोल
शिवपुरी। जनमन आवास योजना के हितग्राहियों के भुगतान में बरती गई लापरवाही ग्राम पंचायत करई के सचिव अशोक रावत पर भारी पड़ गई। जनसुनवाई में पहुंची शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सचिव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
बताया गया है कि योजना के भुगतान को लेकर ग्रामीणों ने जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर जांच कराई गई। जांच के दौरान सचिव को नोटिस जारी कर जवाब भी मांगा गया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने और कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही सामने आने पर जिला पंचायत सीईओ विजय राज ने निलंबन आदेश जारी कर दिया। निलंबित सचिव का मुख्यालय जिला पंचायत शिवपुरी निर्धारित किया गया है। वहीं पंचायत के कामकाज और हितग्राहीमूलक योजनाओं पर असर न पड़े, इसके लिए ग्राम रोजगार सहायक नीलम रावत को आगामी आदेश तक सचिव के दायित्व सौंप दिए गए हैं।


